भारत आधिकारिक नाम भारत गणराज्य (अंग्रेज़ी:Republic of India,रिपब्लिक ऑफ़ इंडिया) दक्षिण एशिया में स्थित भारतीय उपमहाद्वीप का सबसे बड़ा देश है। पूर्ण रूप से उत्तरी गोलार्ध में स्थित भारत का भौगोलिक विस्तार ८° ४’ से ३७° ६’ उत्तरी अक्षांश तक तथा ६८° ७’ से ९७° २५’पूर्वी देशान्तर तक है और इसका भौगोलिक विस्तार उत्तर से दक्षिण तक ३,२१४ कि. मी. और पूर्व से पश्चिम तक २,९३३ कि. मी. है। भारत की समुद्र तट रेखा ७५१६.६ किलोमीटर लम्बी है।भारत, भौगोलिक दृष्टि से विश्व में सातवाँ सबसे बड़ा और जनसँख्या के दृष्टिकोण से दूसरा सब से बड़ा देश है। भारत के पश्चिम में पाकिस्तान, उत्तर-पूर्व में चीन, नेपाल, और भूटान, पूर्व में बांग्लादेश और म्यान्मार और उत्तर पश्चिम में अफगानिस्तान देश स्थित हैं। हिन्द महासागर में इसके दक्षिण पश्चिम में मालदीव, दक्षिण में श्रीलंका और दक्षिण-पूर्व में इंडोनेशिया से भारत की सामुद्रिक सीमा लगती है। इसके उत्तर की भौतिक सीमा हिमालय पर्वत से और दक्षिण में हिन्द महासागर से बन्धी है। पूर्व में बंगाल की खाड़ी है तथा पश्चिम में अरब सागर हैं। भारत में कई बड़ी नदियाँ हैं, और गंगा नदी भारतीय संस्कृति में अत्यंत पवित्र मानी जाती है। अन्य बड़ी नदियाँ सिन्धु, नर्मदा, ब्रह्मपुत्र, यमुना, गोदावरी, कावेरी, कृष्णा, चम्बल, सतलज, व्यास आदि हैं।
भारत विश्व का वृहदतम लोकतंत्र है। यह १९५० से निरन्तर एक संवैधानिक बहुदलीय संसदीय गणराज्य के रूप में शासित हो रहा है। यहाँ ३०० से अधिक भाषाएँ बोली जाती हैं जिनमें से २२ को संविधान के द्वारा संरक्षण प्राप्त है। भारत विश्व की प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक, सिंधु घाटी सभ्यता का विकास स्थान था, और तब से ऐतिहासिक व्यापार पथों का अभिन्न अंग रहा है. चार् प्रमुख धर्मों : सनातन-हिन्दू, बौद्ध, जैन तथा सिख का उद्भव और विकास भारत में हुआ और यहूदी, ईसाई, पारसी और ईस्लाम धर्म प्रथम सहस्राब्दी में भारत में आये, और भारत की विविध संस्कृति को जन्म दिया।
3.3 मिलियन वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल के साथ भारत भौगोलिक क्षेत्रफल के आधार पर विश्व का सातवाँ सबसे बड़ा राष्ट्र है। भारत की राजधानी नई दिल्ली है। भारत के अन्य बड़े महानगर मुम्बई (बम्बई), कोलकाता (कलकत्ता) और चेन्नई (मद्रास) हैं। क्रमिक विजयों के परिणामस्वरूप ब्रिटिश ईस्ट ईण्डिया कंपनी ने १८वीं और १९वीं सदी में भारत के ज़्यादतर हिस्सों को अपने राज्य में मिला लिया। १८५७ के विफल विद्रोह के बाद भारत के प्रशासन का भार ब्रिटिश सरकार ने अपने ऊपर ले लिया। ब्रिटिश भारत के रूप में ब्रिटिश साम्राज्य के प्रमुख अंग भारत ने १९४७ में महात्मा गांधी के नेतृत्व में एक लम्बे और मुख्य रूप से अहिंसक स्वतन्त्रता संग्राम के बाद आज़ादी पाई। १९५० में लागू हुए नये संविधान में इसे सार्वजनिक वयस्क मताधिकार सम्पन्न संवैधानिक लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित कर दिया गया और युनाईटेड किंगडम की तर्ज़ पर वेस्टमिंस्टर शैली की संसदीय सरकार स्थापित की गयी। लम्बे समय तक समाजवादी आर्थिक नीतियों का पालन करने के बाद 1991 के पश्चात् भारत ने उदारीकरण और वैश्वीकरण की नयी नीतियों के आधार पर सार्थक आर्थिक और सामाजिक प्रगति की है। वर्तमान में भारतीय अर्थव्यवस्था क्रय शक्ति समता के आधार पर विश्व की तीसरी[12] और मानक मूल्यों के आधार पर विश्व की दसवीं सबसे बडी अर्थव्यवस्था है। भारतीय सेना एक क्षेत्रीय शक्ति है।